Breaking
25 Mar 2026, Wed

भदोही के कारीगरों का कमाल: दुनिया का सबसे बड़ा हैंड टफ्टेड कालीन बना, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

भदोही के कारीगरों का कमाल

भदोही के कारीगरों का कमाल: दुनिया का सबसे बड़ा हैंड टफ्टेड कालीन बना, गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के भदोही के कारीगरों ने एक बार फिर इतिहास रच दिया है। अमेरिकी टैरिफ और कोविड संकट जैसे कठिन दौर के बावजूद यहां के बुनकरों ने दुनिया का सबसे बड़ा हैंड टफ्टेड कालीन तैयार किया, जिसे अब गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में शामिल कर लिया गया है।

1000 बुनकरों की मेहनत, 6 महीने की लगन

भदोही के सरैया स्थित कालीन निर्यातक रवि पाटोदिया ने जानकारी दी कि यह प्रोजेक्ट 2021 में एक पुराने बायर से मिला था। महामारी के मुश्किल समय में भी करीब 1000 बुनकरों और श्रमिकों ने दिन-रात मेहनत कर 6 महीने में कालीन को अंतिम रूप दिया।
यह कालीन 12,464.29 वर्ग मीटर (134,164 वर्ग फीट 72 वर्ग इंच) का है, जिसे देखकर हर कोई दंग रह गया।

कजाकिस्तान की सबसे बड़ी मस्जिद में बिछा कालीन

यह रिकॉर्डधारी कालीन कजाकिस्तान की राजधानी आस्ताना स्थित ग्रैंड मस्जिद मद्धेशिया में बिछाया गया है। 19 सितंबर 2025 को इसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज किया गया। प्रोजेक्ट पर कुल 12 करोड़ रुपये खर्च हुए। खुद कजाकिस्तान के राष्ट्रपति ने निर्माण, सैंपलिंग और मस्जिद में लगाने की प्रक्रिया पर निगरानी रखी और फिर इसे मंजूरी दी।

ऑर्डर की दिलचस्प कहानी

निर्यातक प्रवीण पाटोदिया ने बताया कि इस प्रोजेक्ट को पाने के लिए चीन और अमेरिका सहित तीन बड़े देशों ने भी पूरी ताकत झोंकी थी, लेकिन आखिरकार भारत पर भरोसा किया गया। मस्जिद में कालीन को फिट करने का काम बेहद चुनौतीपूर्ण था, जिसमें करीब दो महीने लगे। इसमें भदोही के कारीगरों के साथ दुबई से भी विशेषज्ञों को बुलाया गया।

गर्व का क्षण

भदोही को “कारपेट सिटी” कहा जाता है और यह वर्ल्ड रिकॉर्ड इस पहचान को और मजबूत करता है। इस उपलब्धि ने न केवल भारत बल्कि पूरे विश्व में भारतीय कारीगरों की काबिलियत और मेहनत को एक नई पहचान दिलाई है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *