Breaking
25 Mar 2026, Wed

गरियाबंद में अवैध कॉम्प्लेक्स पर बुलडोज़र, 22 दुकानें ध्वस्त | प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

गरियाबंद में अवैध कॉम्प्लेक्स पर बुलडोज़र

गरियाबंद में अवैध कॉम्प्लेक्स पर बुलडोज़र, 22 दुकानें ध्वस्त | प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

गरियाबंद।
जिला मुख्यालय में सोमवार सुबह प्रशासन ने अवैध निर्माण के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए नगर पालिका क्षेत्र के एक व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स को ध्वस्त कर दिया। यह कॉम्प्लेक्स राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कब्रिस्तान से सटी भूमि पर बिना भवन अनुज्ञा के बनाया गया था, जिसमें कुल 22 दुकानें निर्मित थीं।

नगर पालिका द्वारा प्रस्तुत प्रतिवेदन और सुनवाई प्रक्रिया के बाद एसडीएम गरियाबंद ने इस निर्माण को अवैध घोषित किया था। आदेश के अनुपालन में सुबह प्रशासन और पुलिस की जंबो टीम मौके पर पहुँची और ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की।

कार्रवाई एडीएम पंकज डाहिरे की निगरानी में हुई। इस दौरान दो एसडीएम, दो तहसीलदार, दो नायब तहसीलदार सहित छह से अधिक राजपत्रित अधिकारी मौजूद रहे। नगर पालिका के अधिकारी और कर्मचारी भी टीम के साथ कार्रवाई में शामिल हुए।

अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने बताया कि पूरी प्रक्रिया नियमानुसार की गई है और किसी भी प्रकार की अनियमितता नहीं हुई।

वहीं, संबंधित पक्ष ने इस आदेश के खिलाफ राजस्व मंडल में अपील दायर की है।

संभावित तनाव को देखते हुए जिले के सभी निरीक्षक और 200 से अधिक पुलिसकर्मियों को शहरभर में तैनात किया गया। पुलिस ने पूरी रात सतर्कता बरती ताकि कार्रवाई के दौरान कोई अप्रिय घटना न घटे और कानून-व्यवस्था की स्थिति नियंत्रण में बनी रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *